हिम एक्सप्रेस, कलोल (राज कुमार)
बिलासपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक , सम्मानित करने के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर , केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के द्वारा तैयारियों की व्यवस्थाओं निरीक्षण करने के दृश्य।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 5 अक्तूबर को बिलासपुर में होने वाली रैली की तैयारियों में भाजपा पूरे जोर-शोर से जुट चुकी है। प्रधानमंत्री का यह दौरा इसलिए भी ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाता है क्योंकि यह दौरा भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के अपने गृह जिला का है। प्रधानमंत्री की इस रैली की तैयारियों की कमान जहां जिला भाजपा ने संभाली हुई है वहीं रैली से 3 दिन पूर्व ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा स्वयं बिलासपुर पहुंच चुके हैं व इन सभी तैयारियों पर पूरी नजर रखे हुए हैं।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज बिलासपुर के लेक व्यू कैफे में जिला भाजपा की बैठक लेते हुए कार्यकत्र्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि 5 अक्तूबर को ही प्रदेश के विधानसभा चुनाव की दशा व दिशा तय हो जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को सभी भाजपा कार्यकत्र्ता यह सोच कर ही लें कि विधानसभा चुनाव इसी दिन भाजपा जीत लेगी।
इस बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी विशेष रूप से शामिल हुए। बैठक में प्रदेश खाद्य आपूॢत मंत्री राजेंद्र गर्ग, मुख्यमंत्री के राजनैतिक सलाहकार त्रिलोक जाम्वाल, विधायक सुभाष ठाकुर, झंडूता विधायक जीत राम कटवाल, भाजपा प्रदेश चुनाव प्रभारी सौदान सिंह, भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, आपदा प्रबंधन बोर्ड के राज्य उपाध्यक्ष रणधीर शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान सहित अन्य भाजपा कार्यकत्र्ता शामिल रहे।
बैठक के तुरंत बाद जे.पी. नड्डा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व अनुराग ठाकुर व मंत्री राजेंद्र गर्ग सहित अन्य भाजपा नेताओं ने दोपहर के समय रैली मैदान लुहणू पहुंच कर वहां की तैयारियों का जायजा भी लिया व नड्डा ने वहां तैयारियों में जुटे भाजपा नेताओं को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। दोपहर पश्चात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हैलीकॉप्टर से वापस शिमला चले गए।