हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना एक मजदूर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ऊना के गांव देहलां में दो सगे भाइयों ने इस जुर्म को अंजाम दिया है। जिसमें एक प्रवासी मजदूर की डंडों से पीट-पीट कर हत्या कर दी है। पुलिस ने पूछताछ के लिए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
आखिर किस वजह से की मजदूर की हत्या
सूत्रों से पता चला है कि आरोपी विजय कुमार और अजय कुमार भी बिहार के पूर्णिया के रहने वाले है। अभी तक पूरी तरह से कारणों का पता नहीं चल पाया है। लेकिन कहा जा रहा है कि आपसी विवाद के चलते बीरबल पर जानलेवा हमला किया गया। इस लड़ाई के समय आस पास किराए के मकानों में रह रहे मजदूरों ने उनको रोकने का काफी प्रयास किया। लेकिन दोनों आरोपियों ने किसी एक की भी नहीं सुनी। बीरबल ने अपने भाई निर्मल महतो को पूरी घटना के बारे में बताया। लेकिन कोरोना बंदिशों के चलते बीरबल का भाई निर्मल महतो समय पर नहीं पहुंच सका। जब उसका भाई मकान पर पहुंचा तो बीरबल बेहोश अवस्था में था।
मिली जानकारी के अनुसार 20 मई की रात 8 बजे के करीब आरोपियों द्वारा इस वारदात को अंजाम दिया गया है। पीटे गए युवक का इलाज पहले ऊना के अस्पताल में चल रहा था। लेकिन गंभीर हालत के चलते उसे चंडीगढ़ रेफर करना पड़ा। पीजीआई चंडीगढ़ में युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के पूर्णिया जिले के दुबशी गांव निवासी बीरबल महतो के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।