हिमाचल प्रदेश में भी ताउते तूफान के प्रभाव दिखने की तेज संभावना बनी हुई है। जिसके चलते मौसम विभाग ने बीते कल भी भारी बारिश और ओलावृष्टि होने की चेतावनी दी थी। सूबे में बुधवार और वीरवार को ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। गौरतलब है कि ताउते तूफान से अरब सागर से सटे कई तटीय इलाके बुरी तरह तबाह हो चुके हैं। इतना ही नहीं, अब अनुमान लगाया जा रहा है कि इससे उत्तरी भारत भी प्रभावित होगा।
23 मई तक मौसम खराब रहने की संभावनाएं
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डाॅ मनमोहन सिंह ने जानकारी दी है कि इस ताउते तूफान से सूबे के मौसम में भी बदलाव देखने को मिलेगा। बताया जा रहा है कि 24 मई से मौसम साफ हो सकता है। इन दिनों में लोगों से अपील की गई है कि जल स्त्रोतों के पास बिना मतलब के न जाएं। पर्वती क्षेत्रों में खराब मौसम के चलते कभी भी जल स्तर बढ़ सकता है।
ऑरेंज अलर्ट के चलते मंडी के कुछ इलाकों में बारिश हुई है। मैदानी क्षेत्रों में ऐसे समय में गर्मी से राहत मिली है। मंगलवार को हिमाचल के जिलों में सामान्य तापमान से औसतन चार डिग्री तक तापमान गिरा है। जिसमें जिला ऊना सूबे का सबसे गर्म जिला रहा है। जिसका तापमान 35.8 दर्ज किया गया। बीते दिनों में जिले का तापमान चालीस डिग्री तक पहुंच गया था।